श्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड के 11वें मुख्यमंत्री के रूप में ली शपथ

श्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड के 11वें मुख्यमंत्री के रूप में ली शपथ

MY BHARAT TIMES, 4 जुलाई 2021, देहरादून (सू.वि.)। उत्तराखंड में 11वें मुख्यमंत्री के तौर पर खटीमा से दो बार के विधायक श्री पुष्कर सिंह धामी ने आज शाम सवा पाँच बजे मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। राजभवन में शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया था। राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके साथ ही धामी कैबिनेट के सभी 11 मंत्रियों को भी आज सीएम के साथ शपथ दिलाई गई। शनिवार तीन जुलाई को जैसे ही पुष्कर सिंह धामी को विधायक दल का नेता घोषित किया गया उसके बाद सतपाल महाराज और हरक सिंह रावत से लेकर यशपाल आर्य, सुबोध उनियाल से लेकर बिशन सिंह चुफाल जैसे नेताओं की नाराजगी की खबरें उड़ने लगी थी, लेकिन बाद में सभी नए मुख्यमंत्री के साथ काम करने के लिए राजी हो गए और सभी ने उम्मीद जताई कि युवा मुख्यमंत्री प्रदेश को विकास की नयी ऊँचाइयों पर ले जायेंगे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नब्बे के दशक में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से छात्र राजनीति की शुरूआत कर निरंतर राजनीति सफर में आगे कदम बढ़ाते गए और आज प्रदेश की सियासत में नेतृत्व परिवर्तन से मुख्यमंत्री की दौड़ में पार्टी के दिग्गज नेताओं को पीछे छोड़ते हुए मुख्यमंत्री पद तक पहुँच गए। इससे पहले वह दो बार भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष भी रह चुके हैं।

May be an image of one or more people, people standing and outdoors

उन्होंने 2002 से 2008 तक छह वर्षों तक लगातार पूरे प्रदेश में जगह-जगह बेरोजगारों को एकत्रित किया, जिससे प्रदेश के युवाओं को उद्योगों में 70 प्रतिशत रोजगार में आरक्षण का लाभ मिला। 2010 से 2012 तक भाजपा सरकार में शहरी विकास अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष रहे। पहली बार 2012 में पार्टी से टिकट मिलने पर विधानसभा का चुनाव लड़ा और जीत हासिल की। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के साथ ही राजभवन में श्री सतपाल महाराज, डॉ. हरक सिंह रावत, श्री बंशीधर भगत, श्री यशपाल आर्य, श्री बिशन सिंह चुफाल, श्री सुबोध उनियाल, श्री अरविन्द पांडेय, श्री गणेश जोशी, श्री धन सिंह रावत, श्रीमती रेखा आर्य व स्वामी यतीश्वरानंद ने मंत्री पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के पश्चात् बीजापुर सेफ हाउस में गार्ड ऑफ ऑनर से सम्मानित किया गया।