झारखंड के पश्चिम सिंहभूम में IED ब्लास्ट, दो जवान शहीद, तीन घायल; पश्चिमी सिंहभूम की घटना

झारखंड के पश्चिम सिंहभूम में IED ब्लास्ट, दो जवान शहीद, तीन घायल; पश्चिमी सिंहभूम की घटना

जमशेदपुर/चाईबासा,  IED Blast in West Singhbhum झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के टोकलो थाना क्षेत्र के लांजी गांव स्थित पहाड़ी के क्षेत्र में आइईडी विस्फोट में झारखंड जगुआर के दो जवान शहीद हो गए। जिला पुलिस और सीआरपीएफ के जवान सर्च ऑपरेशन चला रहे थे। इसी दौरान नक्सलियों ने आईडी ब्लास्ट किया। इस दौरान दो जवान शहीद हो गए जबकि तीन जवान घायल हुए हैं। जवानों को एयरलिफ्ट कर रांची ले जाया जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक गुरुवार सुबह यह घटना हुई। माह भर में जिले के अलग-अलग इलाकों से सत्तर से अधिक आइईडी व सिलेंडर बम जिला पुलिस व सीआरपीएफ ने अभियान चलाकर बरामद किए थे। कई गिरफ्तारियां भी हुईं। इसे देखते हुए अनुमान लगाया जा रहा था कि नक्सली किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। टोकलो थाना क्षेत्र के लांजी में पूर्व में भी पुलिस व नक्सलियों के बीच  मुठभेड़ हो चुकी है। जिसमें घायल जवान को एयरलिफ्ट कर इलाज के लिए रांची भेजा गया था। विस्फोट की घटना के बाद क्षेत्र में सर्च अभियान चलाया जा रहा है। इधर, ताजा घटना के बाद कोल्हान प्रमंडल के डीआइजी राजीव रंजन सिंह, एसपी अजय लिंडा समेत पुलिस के जवान घटनास्थल के लिए रवाना हो हो गए।

घायल

1. हेड कांस्टेबल देवेंद्र कुमार पंडित (गोड्डा)

2. कांस्टेबल दीप टोपनो (खूंटी)

3. कांस्टेबल निक्कू उरांव (लातेहार)

शहीद जवान

1. कांस्टेबल हार्डवर शाह (पलामू)

2. कांस्टेबल किरण सुरीन (सिमडेगा)

शहीद जवान की फोटो।