रामानंद सागर की ‘रामायण’ का दूरदर्शन पर एक बार फिर से होगा प्रसारण

रामानंद सागर की ‘रामायण’ का दूरदर्शन पर एक बार फिर से होगा प्रसारण

माई भारत टाईम्स। आज से 33 साल पहले दूरदर्शन पर प्रसारित हाने वाला रामानंद सागर की ‘रामायण’ के चाहने वालों के लिये एक बड़ी खुशखबरी है। 33 साल बाद एक बार फिर से रामायण का प्रसारण 28 मार्च से दूरदर्शन पर किया जायेगा। 1987 में दूरदर्शन पर दिखाई गई ‘रामायण’ अब एक बार फिर से टेलीविजन पर वापसी कर रही है। रामायण की रीटेलीकास्टिंग कल अर्थात शनिवार 28 मार्च से दूरदर्शन पर की जायेगी। इसका पहला एपिसोड़ सुबह 9 से 10 बजे तक दिखाया जायेगा और दूसरा एपिसोड़ रात को 9 से 10 बजे तक दिखाया जायेगा। कोरोना के चलते पूरे देश में 21 दिनों का लाॅकडाउन हुआ है, ऐसी परिस्थिति में लोगों को समय बिताना मुश्किल हो रहा है, लेकिन इसी बीच केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावडेकर ने सोशल मीडिया पर एक ट्वीट कर बताया कि रामायण के चाहने वालों के लिये यह एक बड़ी खुशखबरी है। उन्होंने ट्वीट में लिखा -‘ये अनाउंस करते हुये मुझे भारी खुशी हो रही है, पब्लिक डिमांड पर एक बार फिर से हम ‘रामायण’ री-टेलीकास्ट करने जा रहे हैं।

कल शनिवार 28 मार्च से डीडी नेशनल पर सुबह 9 बजे से 10 बजे तक और रात को 9 से 10 बजे तक इसको प्रसारित किया जायेगा’। रामानंद सागर की ‘रामायण’ ने लोगों के मन में अपनी अलग ही जगह बना ली थी, उसके बाद भी कई बार ‘रामायण’ बनाई गई लेकिन उसकी तरह दिलों में अन्य रामायण ने जगह नहीं बना पाई। रामानंद सागर की ‘रामायण’ में अरूण गोविल ने राम, सुनील लहरी ने लक्ष्मण और दीपिका चखलिया ने सीता का किरदार निभाया था। उस समय रामायण को लोगों ने इतना चाहा कि उसका एक एपिसोड़ भी छोड़ना नहीं चाहते थे। जब से दर्शकों को इस बात की सूचना मिली है कि एक बार फिर से ‘रामायण’ का प्रसारण होने जा रहा है, लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। देश-विदेश में फैले इस कोरोना नामक बीमारी के बीच में लोगों के लिये यह एक खुशखबरी बनकर आई है कि अब एक बार फिर से ‘रामायण’ का आनंद ले सकेंगे और उससे सही और गलत की सीख भी हम सबको मिलेगी।